देहरादून में एटीएम से नकदी चुराने वाले गैंग का पर्दाफाश, सीएससी संचालक है चोरों का सरगना – Wadia News

देहरादून में एटीएम से नकदी चुराने वाले गैंग का पर्दाफाश, सीएससी संचालक है चोरों का सरगना

बैंकों के एटीएम में फाइबर की काली पट्टी लगाकर पैसे चोरी करने के आरोप में पुलिस ने दिल्ली निवासी चार लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि दो फरार है। आरोपियों का मुख्य सरगना एक सीएससी संचालक है। वह एटीएम में कैश डालने वाली कंपनियों में भी कार्य कर चुका है, जिसके चलते वह एटीएम में फंसे रुपये निकालने में माहिर है। आरोपियों से दो लाख 70 हजार नकद, एटीएम की चार मास्टर चाबियां, पांच एटीएम कार्ड, काले रंग की फाइबर पट्टी व घटना में प्रयुक्त कार बरामद की।

रविवार को देहरादून स्थित अपने कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर ने पत्रकारों से कहा कि योजना बनाकर एकदम नए तरीके से जालसाजी कर एटीएम से नकदी चोरी करने वाले चार आरोपियों को डोईवाला सौंग नदी के समीप से चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया है।

कारों में मिली चोरी की रकम

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक हरियाणा व दूसरी दिल्ली नंबर की कार में एटीएम से नकदी चोरी करने वाले युवक सवार हैं। जब इन दो कारों को रोका गया तो बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई, जिसके बारे में कार सवार चार लोग उचित जवाब नहीं दे पाए। जब सख्ती की तो अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि एटीएम से नकदी चोरी करते हैं। जो नकदी बरामद हुई है वह भी चोरी की ही है।

दिल्ली के रहने वाले हैं आरोपी

आरोपियों की पहचान अमित कुमार चाणक्य निवासी थाना डाबड़ी जिला जनकपुरी दिल्ली, सुनील कुमार झा निवासी थाना छावला जिला नजफगढ़ दिल्ली, शिवम सिंह निवासी थाना उत्तम नगर नई दिल्ली, हनी निवासी निवासी थाना व जिला मोहनगढ़ दिल्ली के रूप में हुई। वहीं उनके दो अन्य साथी नवाब व सौरभ निवासी दिल्ली फरार है।

आरोपियों ने बताया कि वह अब तक दिल्ली, राजस्थान, बिहार, उप्र, हरियाणा व उत्तराखंड में चोरियां कर चुके हैं। साथ ही आठ सितंबर को उन्होंने डोईवाला के पांच एटीएम में काली पट्टी लगाई थी। वहीं इससे पूर्व वह ऋषिकेश क्षेत्र में आईडीबीआई, एसबीआई, यूको, आइसीआइसीआइ, यस बैंक के एटीएम में भी चोरी कर चुके हैं।

एटीएम से चोरी करने का तरीका

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह एटीएम में पैसे निकालने वाले स्थान पर फाइबर की काली पट्टी लगा दिया करते थे। जब कोई पैसे निकालने आता था तो खाते से तो कट जाते थे परंतु पट्टी लगे होने से बाहर नहीं निकलते थे। इसके बाद एटीएम के अंदर या आसपास छिपा साथी जाकर पैसे को निकाल लिया करता था।

आरोपी अमित कुमार एटीएम में पैसे डालने वाली कंपनी ब्रिंगर्स आर्या दिल्ली में काम कर चुका है, जिसके चलते उसे एटीएम खोलना व बंद करने की पूरी जानकारी है। साथ ही आरोपी बैंक की छुट्टी वाले दिन ही चोरी को अंजाम देते थे। आरोपी एकांत व बिना गार्ड वाले एटीएम को ही अपना निशाना बनाते थे।

पुलिस टीम में यह रहे शामिल

प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान, चौकी प्रभारी लालतप्पड़ प्रमोद शाह, उपनिरीक्षक साहिल वशिष्ठ, विजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल सुधीर सैनी, मुकेश रावत, हंसराज, सतीश कुमार, रमेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *