देहरादून में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार 2 अग्निवीरों समेत 3 युवकों की मौत – Wadia News

देहरादून में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार 2 अग्निवीरों समेत 3 युवकों की मौत


शहर में फिर भीषण सड़क हादसा हुआ है. थाना राजपुर क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार देर रात को एक बाइक डिवाइडर से टकरा गई थी. हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर तीनों युवकों को इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया था.

डॉक्टरों के अथक प्रयास के बाद भी तीनों को बचाया नहीं जा सका. तीनों युवकों की अलग-अलग समय पर मौत हो गई. इसके बाद पुलिस द्वारा तीनों शवों के पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिये गए. हादसे का शिकार दो युवक अग्निवीर थे. वो हाल ही में सेना में भर्ती हुए थे.

जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी के पुरोला निवासी 21 वर्षीय आदित्य रावत, नौगांव निवासी 20 वर्षीय नवीन और पुरोला निवासी 21 वर्षीय मोहित रावत हादसे का शिकार हुए हैं. आदित्य देहरादून में और मोहित करणपुर में रहता था. नवीन सहस्त्रधारा रोड इलाके में रहकर पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था.

मोहित और आदित्य का चयन अग्निवीर में हुआ था. दोनों को ज्वाइनिंग देकर ट्रेनिंग पर जाना था. नवीन प्रतियोगी परीक्षा के साथ सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था. मंगलवार देर रात को तीनों करीब सवा दो बजे बाइक से राजपुर से घंटाघर की ओर आ रहे थे. उसी दौरान राजपुर रोड पर सिल्वर सिटी के पास बाइक डिवाइडर से टकराकर पलट गई. हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलने के बाद थाना राजपुर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर तीनों घायलों को दून अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी गई.

देहरादून में ये कोई पहला हादसा नहीं है. इससे पहले पिछले साल 11 नवंबर की रात देहरादून में भीषण सड़क हादसा हुआ था. उस हादसे में इनोवा सवार 3 युवकों और दो युवतियों की दर्दनाक मौत हो गई थी. एक युवक अभी भी अस्पताल में जीवन के लिए मौत से संघर्ष कर रहा है. 13 मार्च 2025 को भी देहरादून में बड़ा हादसा हुआ था. एक मर्सिडीज चालक ने फुटपाथ पर चल रहे चार मजदूरों की जान ले ली थी.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *