यूपी-दिल्ली सहित 19 राज्यों में फैला ऑनलाइन फ्रॉड का जाल, करोड़ों की साइबर ठगी का तरीका करेगा हैरान – Wadia News

यूपी-दिल्ली सहित 19 राज्यों में फैला ऑनलाइन फ्रॉड का जाल, करोड़ों की साइबर ठगी का तरीका करेगा हैरान

यूपी, दिल्ली, राजस्थान सहित देशभर के 19 राज्यों में ठगी करने वाले शातिर ठग अब पुलिस हिरासत में हैं। शातिर ठग के ऑनलाइन ठगी के तरीके को जानकर पुलिस भी दंग रह गई है। शातिर ठग को गिरफ्तार करने के बाद अब पुलिस हर एंगल पर जांच करने में जुटी हुई है। पुलिस की जांच में इस बात का खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार ठग के खिलाफ 19 राज्यों में 392 शिकायतें दर्ज हैं।

सोशल मीडिया के वीडियो पर लाइक और चैनल सब्सक्राइब कर घर बैठे कमाई के झांसे में लोगों को फंसाकर करोड़ों रुपये हड़पने वाले गैंग के एक आरोपी को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। साइबर ठगी का यह धंधा दुबई से संचालित हो रहा है। इसमें ठगी की रकम ऑनलाइन करंसी में बदलकर विदेश भेजी जाती है। इस गैंग के खिलाफ उत्तराखंड के अलावा देश के 19 राज्यों में 392 शिकायतें दर्ज हैं।

एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि देहरादून के पीड़ित की शिकायत के आधार पर जांच में पता लगा कि यह गैंग ऑनलाइन कमाई का झांसा देकर सैकड़ों लोगों से 18 करोड़ रुपये से अधिक ठग चुका है। साइबर थाने की टीम ने हरमीत सिंह बेदी (33)निवासी सेक्टर 32, चंडीगढ़ रोड, डिविजन सात, लुधियाना को गिरफ्तार किया। आरोपी से तीन मोबाइल, एक मैक बुक एयर, एक चेक और कई मुहरें बरामद हुईं।

करोड़ों हड़पने वाले विदेश भेजते हैं ठगी की रकम    

सोशल मीडिया के जरिये घर बैठे कमाई के झांसे में लोगों को फंसाकर करोड़ों रुपये हड़पने वाले गैंग विदेश से ऑपरेट हो रहा है। एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में सन्नी जैन ने तहरीर दी।

बताया कि कॅरियर बिल्डर नाम की कंपनी से प्रतिदिन तीन से आठ हजार रुपये कमाने का मैसेज उन्हें मिला। रुचि दिखाई तो लिंक भेजकर टेलीग्राम ग्रुप ज्वाइन कराया गया। इसके बाद पीड़ित का मोबाइल हैक कर लिया गया। 25 जून को उनके मोबाइल पर 30 हजार रुपये कटने का मैसेज आया।

26 जून को अलग-अजग ट्रांजेक्शन में 14.18 लाख रुपये कट गए। उनकी तहरीर पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि गैंग के सरगना दुबई में गिरोह को संचालित कर रहे हैं। गैंग अब तक 18 करोड़ रुपये से अधिक रकम विदेश में भेज चुका है।

यह रकम पी2पी क्रिप्टो ट्रेडिंग में लगाई जाती। वही क्रिप्टो करेंसी भारत में खरीदकर उन्हें दुबई में कैश कराया जाता। क्रिप्टो किससे खरीदा गया और उसने क्रिप्टो को आगे किसे बेचा यह पता नहीं लग पाता है।

इन राज्यों के लोगों ने कराई थीं शिकायतें दर्ज
एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि आरोपी गैंग के खिलाफ देश में उत्तराखंड के अलावा आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, हिमाचल, केरल, ओडिसा, पंजाब, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, हरियाणा, छत्तीसगढ़ में शिकायतें दर्ज हैं। कई लोगों से गैंग दस-दस लाख रुपये से अधिक की रकम ठग चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *