पति के किराए के कमरे में फांसी पर झूली विवाहिता – Wadia News

पति के किराए के कमरे में फांसी पर झूली विवाहिता

देहरादून, ब्यूरो। शादी के दो साल बाद विवाहिता पति के किराये के कमरे में फांसी पर लटकी मिली। महिला के परिजन दून पहुंचे तो उन्होंने दामाद और उसकी भाभी के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है। महिला के मायके वालों का आरोप है कि दामाद के अपनी भाभी से अवैध संबंध थे। इसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
रायपुर थानाध्यक्ष मनमोहन नेगी ने बताया कि बुधवार रात नथुवावाला में एक महिला के आत्महत्या करने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो सुरेंद्र कौर (34) पत्नी जोगिंदर सिंह निवासी हिमपुर दयाल, थाना कोतवाली बिजनौर कमरे में पंख से रस्सी के सहारे लटकी हुई थी। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर मोर्चरी में रखवाया। गुरुवार को महिला के मायके वाले पहुंचे तो उनकी मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना को लेकर महिला के पिता बलजीत सिंह निवासी भाग्य विहार, थाना अमन विहार, दिल्ली ने तहरीर दी। कहा कि उनकी बेटी की शादी चार जुलाई 2020 को जोगेंद्र से हुई थी। आरोप है कि वह अपनी भाभी के मकान पर रहता था। यहां उसके भाभी से अवैध संबंध थे। इसे लेकर पति पत्नी में विवाद होता है। साथ ही आरोप लगाया कि जोगेंद्र ने बेटी को चार महीने में पांच लाख रुपये और प्लाट दहेज में दिलाने की चेतावनी दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की जोगेंद्र और उसकी भाभी ने हत्या की है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *