गौला में भटकी बालिका ने रास्ता पूछा तो झाड़ियों में ले गया था दरिंदा – Wadia News

गौला में भटकी बालिका ने रास्ता पूछा तो झाड़ियों में ले गया था दरिंदा

गौला नदी में झाड़ियों में गंभीर हालत में मिली बालिका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पॉक्सो सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, एसएसपी ने चार टीमों को जांच में लगाया है। इधर, एसटीएच में भर्ती बालिका की हालत में कुछ सुधार है।

मंगलवार को पिता के लिए खाना लेकर निकली 12 साल की बालिका लहूलुहान हालत में राजपुरा गेट के पास गौला नदी की झाड़ियों में मिली थी। लड़की जब पूरी तरह होश में आई तो उसने पुलिस को बताया कि वह पिता के लिए खाना लेकर घर से निकली थी। पिता की ओर जाते समय बालिका रास्ता भूल गई। उसने एक व्यक्ति से रास्ता पूछ लिया। व्यक्ति ने बालिका से कहा कि उसके पिता नदी में मछली पकड़ रहे हैं जिसके बाद वह व्यक्ति उसे आर्मी कैंट के पीछे जंगल में ले गया और उसे दबोच लिया। उसने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। बालिका ने विरोध किया और शोर मचाना शुरू कर दिया जिसके बाद दरिंदे ने पास पड़े पत्थर से उसके मुंह, चेहरे और सिर पर कई वार कर दिए। उसने बालिका के कपड़े से एक टुकड़ा फाड़ा और उससे बालिका का गला घोंट दिया। वह बालिका को मरा समझकर फरार हो गया।इस मामले में बालिका के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने धारा 376, 307 और पॉक्सो की धाराओं में केस दर्ज किया है। एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए चार टीमें लगाई गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *