मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने जल संस्थान मसूरी शाखा को कार्यालय उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके लिए एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम नंदन कुमार के माध्यम मुख्यमंत्री धामी को पत्र भेजा है। उन्होंने सरकार से मसूरी में किसी सुविधाजनक जगह में कार्यालय उपलब्ध कराने की मांग की है।
कार्यालय को 2007 में पालिका परिसर के पास किया गया था शिफ्ट
एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि मसूरी में कई साल से जल संस्थान का कार्यालय नगर पालिका के मसूरी टाउन हाल में चल रहा था। इसके बाद टाउन हाल के नवीनीकरण के चलते कार्यालय को वर्ष 2007 में पालिका परिसर के समीप किराये के भवन में शिफ्ट कर दिया गया।
जल संस्थान को खाली करना है किराये पर लिया गया भवन
उस समय यह कहा गया था कि टाउन हाल बनने के बाद जल संस्थान को टाउनहाल भवन में ही कार्यालय के लिए स्थान दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हाल ही में कोर्ट के आदेश अनुसार, चार सितंबर 2023 तक जल संस्थान को अपना वर्तमान किराये पर लिया गया भवन हर हाल में खाली करना है।
ज्ञापन देने वालों में एसोसिएशन के महासचिव जगजीत कुकरेजा, कोषाध्यक्ष नागेद्र उनियाल, उपाध्यक्ष अतुल अग्रवाल शामिल थे।