Roorkee के आरआर सिनेमा में फिल्म ‘गदर-2’ देखने आए युवकों ने मचाया गदर, पुलिस ने तीन को दबोचा; अन्य फरार – Wadia News

Roorkee के आरआर सिनेमा में फिल्म ‘गदर-2’ देखने आए युवकों ने मचाया गदर, पुलिस ने तीन को दबोचा; अन्य फरार

शहर के आरआर सिनेमा में फिल्म ‘गदर-2’ देखने आए युवकों ने जमकर गदर मचाया। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को धर दबोचा जबकि अन्य युवक वहां से फरार हो गए। इस दौरान भीड़ होने से हाईवे पर भी जाम लग गया। पुलिस ने सड़क पर खड़ी भीड़ को वहां से खदेड़ दिया। वहीं, अब सिनेमा हाल पर पुलिस निगरानी बनाए हुए है।

रुड़की में हरिद्वार हाईवे किनारे स्थित आरआर सिनेमा घर में बड़ी संख्या में लोग ‘गदर-2’ को देखने के लिए सिनेमा हाल का रुख कर रहे हैं। सिनेमा हाल पर टिकट के लिए मारामारी मची है। पहले से ही लोगों ने आनलाइन टिकट बुकिंग कर रखी है, जिसके चलते खिड़की पर टिकट नहीं मिल रहे हैं।

गदर-2 देखने के लिए उमड़ी भीड़ 

12 अगस्त की रात फिल्म देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान कुछ युवकों ने सिनेमा हाल में हंगामा कर दिया। कुछ लोगों ने इन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन, वह मारपीट पर उतारू हो गए, जिससे वहां पर अफरातफरी मच गई। हंगामा कर रहे युवकों को कुछ लोगों ने समझाने का प्रयास किया।

पुलिस ने तीन युवकों को दबोचा

बताया जा रहा है कि इस पर युवकों ने उनके साथ अभद्रता कर दी। इसी बीच सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को जमकर फटकार लगाई। पुलिस को देख कई युवक वहां से भाग निकले। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को पकड़ लिया। वहीं, टिकट नहीं मिलने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने हाईवे पर जमा भीड़ को भी खदेड़ दिया।वरिष्ठ उप निरीक्षक अभिनव शर्मा ने बताया कि दर्शकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस सिनेमा घर पर लगातार गश्त कर रही है। ताकि कोई विवाद न हो। वहीं, तीनों युवकों का पुलिस एक्ट में नकद चालान की कार्रवाई कर छोड़ दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *