विधानसभा चुनाव में हारे बूथों पर डेरा डालेंगे भाजपा के वरिष्ठ नेता : भट्ट – Wadia News

विधानसभा चुनाव में हारे बूथों पर डेरा डालेंगे भाजपा के वरिष्ठ नेता : भट्ट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी की नजर बीते विधानसभा चुनाव में हारे बूथों पर रहेगी। कार्यकर्ता इन बूथों को मजबूत करने के लिए यहां डेरा डालेंगे। इन बूथों पर 50 प्रतिशत वोट लाने का लक्ष्य है। विधायक और सांसद भी यहां प्रवास करेंगे।अल्मोड़ा में बृहस्पतिवार को एक होटल में अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में महेंद्र भट्ट ने कहा कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए इस तरह के सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। हर कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेगा। पहले चरण में विधायक, सांसद, मंडल के महामंत्री पद से ऊपर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की जा रही है। इसमें लोकसभा चुनाव को लेकर सभी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा हो रही है और उनके समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।

सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, सांसद अजय टम्टा, प्रदेश संगठन मंत्री अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया, विधायक बागेश्वर पार्वती दास, प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, अल्मोड़ा जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, पिथौरागढ़ जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, बागेश्वर जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण, चंपावत विकास शर्मा, गणेश भंडारी, राकेश देवलाल आदि मौजूद रहे।

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की रणनीति
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने पहली बार पन्ना प्रमुख की टीम तैयार की है, इनके माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।

सेवा पखवाड़े के तहत रक्तदान, चिकित्सा शिविर भी लगेंगे। जिन लोगों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, कार्यकर्ता अपने स्तर से इन्हें बनाने का भी काम करेंगे।

बंद कमरे में हुई बैठक

अल्मोड़ा। सम्मेलन से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, सांसद अजय टम्टा सहित अन्य विधायकों के साथ बंद कमरे में बैठक की। अन्य कार्यकर्ताओं को भी दूर रखा गया। संवाद

कार्यकर्ताओं का हुआ स्वागत
अल्मोड़ा। सम्मेलन में पहुंचे चारों जिलों के कार्यकर्ताओं और नेताओं का अल्मोड़ा भाजपा कार्यकारिणी की ओर से स्वागत किया गया। होटल के मुख्य द्वार पर प्रत्येक कार्यकर्ता को तिलक लगाया गया और उन्हें फूलमाला पहनाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *