गुलदार की आहट से फिर बढ़ी टेंशन, नेशनल हाईवे पर दुपहिया ट्रैफिक बंद – Wadia News

गुलदार की आहट से फिर बढ़ी टेंशन, नेशनल हाईवे पर दुपहिया ट्रैफिक बंद

गुलदार के खौफ ने दोपहिया वाहनों के लिए टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे बंद कर दिया है। चंपावत, पिथौरागढ़ के साथ अल्मोड़ा जाने वाले लोग गुलदार से खौफजदा हैं। सूरज ढलते ही हाईवे पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही थम जा रही है। शाम पांच बजे के बाद लोगों को समूह में ही जाने की अनुमति दी जा रही है।

एनएच पर आतंक का पर्याय बना गुलदार नौ दिन से 30 वनकर्मियों की परीक्षा ले रहा है। हाईवे पर अब तक गुलदार 13 दोपहिया वाहन सवारों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है। वन विभाग के मुताबिक, गुलदार शाम छह से सात बजे के बीच हमला कर रहा है। सूखीढांग से बस्तिया तक हाईवे पर 20 किलोमीटर का क्षेत्र इस समय पूरी तरह बफर जोन बना हुआ है।

बूम के रेंजर गुलजार हुसैन ने बताया कि टनकपुर ककराली वन चौकी बैरियर पर शाम पांच बजे के बाद से दोपहिया वाहन चालकों को रोका जा रहा है। उन्हें आपात स्थिति में ही बड़े वाहनों के साथ, बीच में यात्रा करने को कहा जा रहा है। वन कर्मचारी बड़े वाहनों का साथ देकर दोपहिया वाहनों को हाईवे पार करा रहे हैं। हल्द्वानी-नैनीताल से आए ट्रैंकुलाइज विशेषज्ञों ने बताया कि गुलदार की खोज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *