विश्व प्रसिद्ध पिंडारी गलेशियर ट्रेक रूट की जल्द मरम्मत होगी। इसके लिए शासन से 40 लाख रुपये की धनराशि मिल गई है, जबकि जिले से 98.15 लाख का प्रस्ताव जिले से भेजा गया था। रूट की मरम्मत होने से यहां आने वाले पर्यटकों के अलावा स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। इसके अलावा जिले में पर्यटन व्यावसाय बढ़ाने के लिए भी पर्यटन विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।
पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक रूट पर मरम्मत के साथ शौचालय, सिटिंग प्वाइंट एवं व्यू प्वाइंट बनाए जाएंगे। इसके लिए 98.15 लाख का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसमें से 40 लाख की धनराशि शासन से प्राप्त हो चुकी है। इस राशि से जल्द रूट का कायाकल्प होगा। कपकोट के गोगिना में वाटर फॉल व्यू प्वाइंट विकसित करने के साथ ही नामिक ग्लेशियर को जाने वाले ट्रैक रूट मरम्मत का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है।
जिले में जालेख पैराग्लाइडिंग स्थल पर टेक ऑफ व लैंडिंग ग्राउंड विकसित करने के साथ ही रास्ते का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा। जौलकांडे में पर्यटन विभाग की भूमि पर कैंपिंग साइट,साईकिल ट्रैक विकसित करने व बर्ड वॉचिंग, स्टार गेजिंग की भी डीपीआर तैयार हो गई है। जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने बताया कि जल्द पिंडारी मार्ग की मरम्मत होगी।