यूपी-UP के रहने वाले एक आर्मी ऑफिसर की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सैन्य अफसर का दोस्त भारतीय वायुसेना में अधिकारी घायल हुआ है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में यह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देहरादून के न्यू कैंट रोड स्थित सेंट्रियो मॉल में घुस रहे कंटेनर में पीछे से सेना के कैप्टन की कार टकरा गई। हादसे में कार चला रहे सेना के कैप्टन की मौत हो गई। कार में सवार वायु सेना के फ्लाइंग अफसर का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसा मंगलवार रात करीब एक बजे हुआ। धारा चौकी इंचार्ज आशीष रावत ने बताया कि सृजन पांडे (27) पुत्र परमात्मा पांडे निवासी यूपी गोमतीनगर लखनऊ हाल तैनाती 201 इंजीनियर रेजीमेंट क्लेमनटाउन अपने दोस्त सिद्धार्थ मेनन (26) पुत्र कुमार मेनन निवासी देहराखास, पटेलनगर के साथ मंगलवार रात न्यू कैंट रोड स्थित सेंट्रियो मॉल आए थे।
सिद्धार्थ वायुसेना में फ्लाइंग हैं। दोनों रात करीब एक बजे कार लेकर मॉल के निकास गेट से न्यू कैंट रोड पर चले। इस दौरान मॉल के इंट्री गेट से एक रेस्टोरेंट की सप्लाई पहुंचाने जा रहा कंटेनर अंदर घुस रहा था। कंटेनर में पीछे से इनकी कार टकरा गई।
हादसे के बाद कंटेनर समेत चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक मृतक के परिजन या सेना से तहरीर दी जाएगी तो पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।