विकासनगर, ब्यूरो। सहसपुर पुलिस ने अवैध खनन और ओवर लोडिंग के खिलाफ कार्रवाई कर चैदह डंपरों समेत सत्रह वाहनों को सीज किया है। सहसपुर थाना पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न मार्गों और चैराहों पर छापेमारी कर चालकों के कोर्ट के चालान किये हैं। सहसपुर पुलिस ने खनन संबंधित कार्रवाई की रिपोर्ट बनाकर जिला प्रशासन को भेजी है।
थानाध्यक्ष सहसपुर नरेश राठौर के नेतृत्व में बुधवार की देर रात को पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों लांघा तिराहा, धर्मावाला चैक, सिंघनीवाला तिराहा पर वाहनों का चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीम ने खनन सामग्री समेत रेत, बजरी का परिवहन कर रहे वाहनों को रोककर तलाशी ली। पुलिस ने चालकों से दस्तावेज दिखाकर जांच की। जांच में खनन सामग्री से भरे चैदह डंपरों में बिना दस्तावेज के निर्धारित मात्रा से तीन से चार गुना अधिक खनन सामग्री पाई गई। सभी डंपरों को ओवर लोडिंग में सीज कर दिया गया। इसके अलावा तीन ट्रैक्टर ट्रालियों को ओवर लोडिंग में पकड़ा है। लेकिन चालक मौके पर वाहनों को छोड़कर फरार हो गये। तीनों ट्रैक्टर ट्रालियों को अवैध खनन और लावारिस में सीज किया है।