देहरादून ब्यूरो – धरना स्थल पर मनोज के जहरीला पदार्थ खाने की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना देने वाले रणवीर बिष्ट ने खुद को लैब तकनीशियन और धरना कर्मी बताया। मौके पर पहुंची रायपुर थाना पुलिस को मनोज अचेत अवस्था में मिला।
एकता विहार धरना स्थल पर शनिवार को नौकरी से हटाए जाने से परेशान एक सिक्योरिटी गार्ड ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। वह अचेत अवस्था में मिला। पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, पिथौरागढ़ निवासी मनोज कुमार टाउन वैली स्कूल, प्रेमनगर में एसआईएस सिक्योरिटी कंपनी के तहत सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था। आरोप है कि 23 अक्तूबर को कंपनी ने उसकी जगह किसी दूसरे व्यक्ति को नियुक्त कर लिया। इसके बाद मनोज ने नौकरी पर दोबारा बहाली की मांग को लेकर धरना देने का निर्णय लिया।