10 सितंबर तक ढेला-झिरना जोन में जंगल सफारी फुल, होटल-रिजॉर्ट में भी हो चुकी एडवांस बुकिंग – Wadia News

10 सितंबर तक ढेला-झिरना जोन में जंगल सफारी फुल, होटल-रिजॉर्ट में भी हो चुकी एडवांस बुकिंग

दिल्ली में 10 सितंबर को हो रहे जी-20 सम्मेलन को लेकर रामनगर में पर्यटकों की आमद से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं। 10 सितंबर तक रामनगर के रिजॉर्ट-होटल और कॉर्बेट पार्क के ढेला व झिरना जोन में भी जंगल सफारी की बुकिंग फुल हो चुकी है।दिल्ली में 8 से 10 सितंबर के बीच जी-20 सम्मेलन होने जा रहा है। इसके चलते दिल्ली में कुछ पाबंदियां भी लगाई गईं हैं। ऐसे में दिल्ली के पर्यटकों ने रामनगर, नैनीताल सहित अन्य हिल स्टेशन का रुख किया है। रामनगर में 250 से अधिक रिजॉर्ट और होटल हैं।

इनमें अधिकतर में दस सितंबर तक बुकिंग फुल हो चुकी है। पर्यटकों का आगमन भी शुरू हो गया है। कॉर्बेट पार्क के ढेला व झिरना जोन में भी जंगल सफारी की बुकिंग फुल हो चुकी है। वर्तमान में ढेला व झिरना जोन में ही जंगल सफारी हो रही है। एक अक्तूबर से बिजरानी और 15 नवंबर से ढिकाला जोन में पर्यटन गतिविधियां शुरू होंगी।

जंगल सफारी के लिए कॉर्बेट की ओर पर्यटकों को रूझान रहता है। कॉर्बेट पार्क के ईको टूरिज्म के रेंजर निर्मला पांडेय ने बताया कि 10 सितंबर तक ढेला व झिरना रेंज की बुकिंग फुल है। जन्माष्टमी की छुट्टी पर भी पर्यटक ऑनलाइन बुकिंग कर रहे हैं।

25 दिन बाद फाटो जोन में शुरू हुई सफारी

अगस्त में हुई मूसलाधार बारिश के बाद तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो जोन को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया था। 25 दिन बाद फाटो जोन को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। पहले ही दिन 50 जिप्सियों से पर्यटकों ने जंगल सफारी की। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य ने बताया कि अगस्त में काफी बारिश हुई थी, जिसके चलते पर्यटन जोन में मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए थे। ऐसे में 10 अगस्त को पर्यटन जोन को पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर बंद कर दिया गया था। बारिश थमने के बाद पर्यटन जोन में क्षतिग्रस्त मार्गों को सही कराया गया है। अब स्थिति सामान्य होने के बाद सोमवार को फाटो जोन को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। सुबह की पाली में 30 और शाम की पाली 20 जिप्सियां पर्यटन जोन में जंगल सफारी के लिए गईं।

10 सितंबर तक जिन लोगों ने बुकिंग की है, उनमें अधिकतर दिल्ली के रहने वाले हैं। दिल्ली में जी-20 सम्मेलन होने जा रहा है। उसको लेकर वहां कुछ पाबंदिया हैं। इसके अलावा बीच में अवकाश भी हैं। ऐसे में पर्यटकों ने रामनगर के होटल-रिजॉर्ट में बुकिंग कराई है। अधिकतर रिजॉर्ट फुल हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *