कॉलेज से वापस घर लौट रहे छात्र पर पांच नकाबपोश युवकों ने हमला कर दिया। जिसमें छात्र घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में एक नामजद समेत पांच पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपित हमलावरों की तलाश कर रही है।
मंगलौर कोतवाली के ग्राम मन्ना खेड़ी गांव निवासी अमन पाल ने मंगलौर पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें बताया कि उसका बेटा सौरभ ग्राम मखदुमपुर स्थित एक कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र है। बताया कि एक सितंबर को वह कॉलेज की छुट्टी के बाद घर आ रहा था।
शोर मचाया तो छोड़कर भागे
इसी दौरान गांव के पास ही उसे पांच नकाबपोश युवकों ने रोक लिया। इन्होंने छात्र के साथ गाली गलौज कर दी। जब छात्र ने इसका विरोध किया तो नकाबपोश युवकों ने उसकी पिटाई कर दी, जिस पर छात्र ने शोर मचा दिया।
शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देख आरोपित वहां से भागने लगे। इसी हड़बड़ी में एक युवक के चेहरे से नकाब हट गया, जिसकी पहचान अंकुश निवासी नगला सलारू के रुप में की।
हमले में छात्र घायल हो गया, जिसके बाद घायल को उपचार दिलाया गया। पुलिस ने छात्र के पिता की तहरीर पर अंकुश निवासी नगला सलारू कोतवाली मंगलौर समेत पांच हमलावरों पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चरस के साथ युवक गिरफ्तार, मुकदमा
भगवानपुर: भगवानपुर थाना पुलिस ने एक युवक को तीन सौ ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। युवक चरस की यह खेप बेचने जा रहा था। पुलिस इसके संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों से जानकारी जुटा रही है।
भगवानपुर थाना पुलिस को सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र के डाडा जलालपुर गांव निवासी एक युवक मादक पदार्थो की बिक्री करता है। पुलिस को सूचना मिली कि बुधवार सुबह युवक मादक पदार्थ की बिक्री के लिए हल्लूमाजरा चौक पर आने वाला है।
यह भी पढ़ें:- अतिक्रमण मामले में कार्रवाई के विरोध में आठ को उत्तराखंड बंद का आह्वान, बार काउंसिल ने पारित किया प्रस्ताव
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। युवक जैसे ही वहां पर पहुंचा तो पुलिस को देख भाग खड़ा हुआ। तलाशी लेने पर उसके पास से तीन सौ ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान विनीत कुमार निवासी ग्राम डाडा जलालपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथान ने बताया कि पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है।